उदयपुर में 5 दिन में चौथी फायरिंग! अंबामाता में दो जगह चली गोलियां, CCTV में कैद हुए बाइक सवार

उदयपुर शहर में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बीती रात अंबामाता थाना क्षेत्र में मल्लातलाई और गांधीनगर इलाके में फायरिंग की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। बताया जा रहा है कि पिछले पांच दिनों में शहर में फायरिंग की यह लगातार चौथी घटना है।

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर इलाके में देर रात बाइक सवार दो युवक पहुंचे और दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की। घटना से पहले युवक बीयर की बोतलें फोड़ते हुए भी दिखाई दिए। इसके बाद हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने का आरोप है। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।

वहीं मल्लातलाई क्षेत्र में भी फायरिंग की एक घटना सामने आई है। आरोप है कि बाइक सवार युवक गरीब नवाज कॉलोनी निवासी आरिफ के घर के बाहर पहुंचे, जहां पहले बीयर की बोतल फेंकी गई और इसके बाद घर की ओर फायरिंग कर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार युवक दिखाई दे रहे हैं।

दोनों घटनाओं को लेकर कुछ लोगों के नाम सामने आने की चर्चा है और संबंधित व्यक्तियों पर फायरिंग के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान और इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से अंबामाता थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांच रही है, ताकि बाइक सवार युवकों की पहचान की जा सके और फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

गौरतलब है कि शहर में हाल के दिनों में लगातार फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। सवीना थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना के बाद यूआईटी पुलिया पर एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया था। अब अंबामाता थाना क्षेत्र में हुई ताजा घटनाओं ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Spread the love