डिवाइडर तोड़ टैंकर कंटेनर से टकराया, दोनों में लगी भीषण आग

उदयपुर–अहमदाबाद नेशनल हाईवे जाम, 2 लोग घायल

उदयपुर। उदयपुर–अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। एक बेकाबू टैंकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में घुस गया और सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग और धुएं का गुबार देखकर हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

हादसा शनिवार शाम करीब 5 बजे टीड़ी थाना क्षेत्र के बोरी कुआं पेट्रोल पंप के पास हुआ। उदयपुर से अहमदाबाद जा रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और अहमदाबाद से उदयपुर की ओर आ रही लेन में जा घुसा। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

बाइक से अस्पताल पहुंचाए घायल

टक्कर के बाद टैंकर और कंटेनर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए टैंकर चालक नानालाल जाट (निवासी भीलवाड़ा) और कंटेनर चालक अख्तर (निवासी अलवर) को बाइक पर बैठाकर टीडी अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायल बताए जा रहे हैं।

आधे घंटे तक लगा जाम

हादसे के बाद हाईवे की दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर टीडी पुलिस और उदयपुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हुआ।

Spread the love