व्यवस्थित होगी मुखर्जी चौक सब्जी मंडी, पार्किंग विकसित होगी, पुलिस चौकी के लिए बनेंगे कमरे

उदयपुर . शहर के मुखर्जी चौक स्थित सब्जी मंडी जल्द ही व्यवस्थित होगी। यहां अस्त-व्यस्त खड़े रहने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही पुलिस चौकी के लिए कमरे का निर्माण भी होगा। शहर विधायक ताराचंद जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना व एसपी योगेश गोयल की ओर से बुधवार को मंडी का निरीक्षण किया गया।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि वर्तमान में मंडी के कई व्यापारी बाहर चौक में बैठकर व्यापार कर रहे हैं। इससे खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को पार्किंग के लिए जगह ही नहीं मिल पाती है। इधर-उधर वाहन खड़ा करने पर आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। इससे आमजन के साथ-साथ सब्जी खरीदने आने वाले लोगों को भी परेशानियां उठानी पड़ रही है।

30 चारपहिया और 50 दुपहिया के लिए बनेगी पार्किंग : निगम आयुक्त खन्ना ने बताया कि मुखर्जी चौक में 30 चारपहिया और करीब 50 दुपहिया वाहनों के लिए पार्किंग विकसित की जाएगी। इससे मंडी में आने वाले ग्राहकों को वाहन इधर-उधर पार्क नहीं करने पड़ेंगे। इसके साथ ही यहां विद्युत कार्य, मूत्रालय, साफ सफाई आदि कार्य भी कराए जा रहे हैं। इसके साथ एसपी गोयल ने यहां टेंट में चल रही पुलिस चौकी के लिए दो कमरे बनाने की मांग की। इस पर विधायक जैन ने निगम आयुक्त से हाथों-हाथ इस काम की अनुशंसा कर दी।

ट्रैफिक पुलिस को निगम से मिलेगी दो क्रेन : निरीक्षण के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए भी चर्चा की गई। इस दौरान डीएसपी सूर्यवीर सिंह ने कहा कि लोग अपने वाहन नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े कर देते हैं। इससे कई बार जाम के हालात बन जाते हैं। पुलिस दल के पास उचित संसाधन नहीं होने के कारण उन्हें हटा भी नहीं पाते। इस पर शहर विधायक जैन ने निगम के माध्यम से पुलिस को दो ओटी क्रेन उपलब्ध करवाने की अनुमति दी।

Spread the love