
उदयपुर | प्रतापनगर थाना पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर 4.50 लाख रुपए हड़पने के मामले में 16 माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में भैंसड़ा कलां निवासी तुलसीराम गमेती को गिरफ्तार किया। उसे रिमांड पर लिया है। उसके साथी आरोपियों के बारे में पूछताछ होगी। देबारी निवासी देवा गमेती ने पिछले साल 3 अगस्त को रिपोर्ट दी थी कि भैंसड़ाकलां निवासी तुलसीराम गमेती ने देबारी में सवा भील से जमीन खरीदने का सौदा किया था। सवा ने 10 लाख रुपए नहीं देने पर कब्जा नहीं दिया। इस पर तुलसीराम ने 5 जुलाई, 2023 को जमीन का एग्रीमेंट देवा के नाम कर दिया।
फिर 25 हजार रुपए लेकर जमीन का कब्जा सौंपा दिया। 4.25 लाख रुपए और ले लिए। फिर 10 लाख रुपए और देने पर रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया। एक माह बाद तुलसीराम, धूलचंद, कैलाश नागदा, मनीष नागौरी और ललिता मीणा आए। जमीन 15 लाख में कैलाश नागदा को बेचने के लिए कहा। उनके इनकार पर सभी लौट गए। एक माह बाद कैलाश, ललिता और मनीष वापस आए और 18 लाख में जमीन बेचने को कहा। फिर भी उन्होंने इनकार कर दिया। पिछले साल 15 जनवरी को उन्होंने तुलसीराम और सवा को 10 लाख रुपए देने के लिए बुलाया। पटवार मंडल से नकल निकाली, जिसमें पता चला कि तुलसीराम ने जमीन ललिता मीणा को बेच दी।
