ब्यावर में ममता हुई शर्मसार, जेठानी से झगड़े के बाद पांच मासूमों संग कुएं में कूदी मां, दो जुड़वां मासूमों की जलसमाधि

रायपुर (ब्यावर)। ब्यावर जिले के रायपुर मारवाड़ क्षेत्र के झूठा गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक मां ने घरेलू कलह के चलते अपनी ममता का गला घोंटते हुए अपने पांच मासूम बच्चों के साथ मौत के कुएं में छलांग लगा दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना में एक साल के दो मासूम जुड़वां भाइयों, नारू और प्रेम की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की तत्परता से महिला और उसके तीन अन्य बच्चों को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह जानकर स्तब्ध है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुमित्रा (30) अपनी जेठानी के साथ सुबह लकड़ी लेने गई थी, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई। गुस्से और आवेश में घर लौटी सुमित्रा ने अपनी सुध-बुध खो दी और अपने पांचों बच्चों—दीपू (5), दिव्या (3), काली (2) और एक साल के जुड़वां बेटों को लेकर पास ही के एक कुएं पर पहुंच गई। देखते ही देखते उसने बच्चों समेत गहरे पानी में छलांग लगा दी। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर दौड़े और अपनी जान पर खेलकर सुमित्रा व तीन बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जब तक जुड़वां भाइयों को बाहर निकाला जाता, उनकी सांसें थम चुकी थीं।

सूचना मिलते ही एएसआई कैलाश नायक पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और सभी को तुरंत रायपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों जुड़वां मासूमों को मृत घोषित कर दिया। घटना के समय सुमित्रा का पति भाकर राम काम के सिलसिले में ब्यावर गया हुआ था, जिसे घटना की जानकारी मिलते ही पैरों तले जमीन खिसक गई। 9 साल पहले शादी के बंधन में बंधे इस परिवार की खुशियां एक पल के गुस्से ने तबाह कर दीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सिर्फ जेठानी से कहासुनी ही इस खौफनाक कदम की मुख्य वजह थी या कोई और पुराना विवाद भी सुमित्रा के मन में पल रहा था।

Spread the love