
उदयपुर। शहर की भूपालपुरा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाते बेचने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के पास से कई बैंक खातों की डिटेल मिली है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के आधार पर ये खाते साइबर ठगों को बेचते थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि चौंडिया इंस्टिट्यूट के तीसरे फ्लोर के फ्लैट नंबर 208 में तीन युवक ठहरे हुए हैं, जो बैंक खाते खरीदने-बेचने का काम करते हैं।
टीम ने दबिश देकर मीणा का बास पार्टी निवासी विश्वजीत सिंह देवड़ा, सदर बाजार निवासी शुभम जैन, और चारभुजा निवासी लक्ष्मराज सिंह को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे टेलीग्राम चैनल और व्हाट्सऐप के ज़रिए खाते मंगवाते थे। जयपुर निवासी दिग्विजय बंना इन्हें खाते उपलब्ध कराता था और हर खाते पर कमीशन तय होता था। आगे ये खाते ठगी करने वालों को कमीशन पर बेच दिए जाते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि विश्वजीत के पास मिले एक बैंक खाते पर 16 शिकायतें दर्ज हैं, जबकि अन्य खातों की जानकारी जयपुर और अन्य शहरों को भेजी गई है। शुभम और लक्ष्मराज के पास भी कई संदिग्ध खातों की जानकारी मिली है। कुल मिलाकर आरोपियों से जुड़े 81 बैंक खातों पर शिकायतें दर्ज हैं। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इनके जरिए खातों का इस्तेमाल किन-किन साइबर ठगों ने किया।
