
उदयपुर, उदयपुर में अब सर्दी बढ़ने लगी है। बर्फीली हवा के कारण पारा सिंगल डिजिट में आ गया है। 9.5 डिग्री के तापमान के साथ शनिवार को सीजन की सबसे ज्यादा ठंडी रात रही। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवा के चलते उदयपुर समेत 12 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह इसी तरह तेज सर्दी रहने और तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होने की संभावना जताई है।
रात का न्यूनतम तापमान भले ही गिर रहा हो, लेकिन दिन में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री के करीब बना हुआ है।
हाईवे और गांव-कस्बों में सुबह करीब 8 बजे तक हल्का कोहरा छाया रहा। सुबह ठंडी हवा से जनजीवन प्रभावित हुआ। लोगों को सर्दी ने सुबह-शाम ऊनी कपड़े पहनने को मजबूर कर दिया है। सुबह फतहसागर, गुलाबबाग जैसी कई जगहों पर मॉर्निंग वॉक पर आने वाले लोग भी ऊनी स्वेटर, जैकेट से सर्दी का बचाव करते दिखे।
मौसम एक्सपर्ट डॉ. आर. एस. देवड़ा ने बताया कि तापमान में लगातार गिरावट का मुख्य कारण पश्चिम हिमालय में 4 दिन पहले हुई बर्फबारी है। अब हिमालय क्षेत्र से चलने वाली ठंडी हवाएं मैदानों तक आ पहुंची हैं। लगातार तापमान में कमी होगी और सर्दी अपना असर दिखाएगी। उनका कहना है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह में रातें और भी ज्यादा सर्द रहने की संभावना है।
राजस्थान में कई शहरों में दिख रहा सर्दी का असर
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे कम तापमान सीकर में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उदयपुर में न्यूनतम तापमान 9.5, अजमेर में 8.1, अलवर में 8.5, पिलानी में 9.5, चूरू में 9.3, बारां में 9.7, सिरोही में 8.1, फतेहपुर में 7.4, करौली में 9, दौसा में 7.7 और झुंझुनूं में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उत्तरी हवा का सबसे ज्यादा प्रभाव शेखावाटी और उसके आसपास के जिलों में रहा, जिसके कारण लगातार यहां तापमान में गिरावट हो रही है।
कोटा में शनिवार का न्यूनतम तापमान 13.4, चित्तौड़गढ़ में 11, भीलवाड़ा में 10.4, निवाई (टोंक) में 10.2, जयपुर में 13, गंगानगर में 12.2, बाड़मेर में 16.5, जैसलमेर में 15.2, बीकानेर में 14.4, जालोर में 11.2 और प्रतापगढ़ में 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
