
भीलवाड़ा शहर में 12 जनवरी को गुटखा व्यापारी से हुई 4 लाख की लूट का मास्टरमाइंड उनका पुराना नौकर निकला। पुलिस ने बुधवार को पुराने नौकर समेत पांच आरोपियों की बाजार में परेड निकाली।
इसमें पांचों आरोपी लंगड़ाता हुए चल रहे थे। दरअसल, आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाना था। ऐसे में पुलिस उन्हें कोतवाली थाने के बड़ला चौक से शास्त्री नगर (वारदात वाली जगह) पैदल परेड कराते हुए ले गई।यह था मामला
कोतवाली थाने के एएसआई अशोक ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को गुटखा व्यापारी नारायण दास जिनकी गोल प्याऊ चौराहे पर दुकान हैं। वो दिन भर का कलेक्शन एक्टिवा की डिग्गी में रखकर घर पर आ रहे थे, इसी दौरान शास्त्री नगर में उनके घर के सामने दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और स्कूटी के साथ कैश लूटकर फरार हो गए।
मास्टरमाइंड सहित पांच गिरफ्तार
भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मास्टरमाइंड मोहित सिंह समेत कान्हा उर्फ कन्हैया पिता लक्ष्मी नारायण कुम्हार, विक्रम उर्फ विक्की पिता बाबूलाल दरोगा, राजू पिता प्रभु लाल नायक और किशन पिता रतनलाल रेगर को गिरफ्तार किया है।मोहित यूपी का रहने वाला है और भीलवाड़ा में एक फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता है। मोहित गुटखा व्यापारी नारायणदास के यहां सेल्समैन का काम किया था। उसे पता था कि वे रोजाना गाड़ी में रुपए रख घर ले जाते है। ऐसे में अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग बनाई थी।
पैदल परेड से घटना स्थल पर ले गए
पुलिस ने बताया कि इन सभी आरोपियों को तीन दिन पहले गिरफ्तार कर लिया था। इसके के बाद इन्हें मौके पर ले जाना था। ऐसे में में आरोपियों की पैदल परेड बड़ला चौराहे से शुरू होकर वारदात स्थल तक निकाली गई है। इन सभी से डिटेल पूछताछ की जा रही है।
