पारस सिंघवी ने दाखिल किया महापौर पद का नामांकन, समर्थकों के नारों से गूंजा नगर निगम

उदयपुर। नगर निगम में महापौर पद को लेकर चल रही राजनीतिक कवायद के बाद बुधवार को भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी पारस सिंघवी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। समर्थकों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में सिंघवी नगर निगम पहुंचे, जहां नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर निगम परिसर में कार्यकर्ताओं ने पार्टी और प्रत्याशी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

पारस सिंघवी के नामांकन पत्र में पार्षद पंकज बोराणा प्रस्तावक बने। नामांकन दाखिल करने के दौरान निर्वाचन कक्ष में उदयपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, पूर्व महापौर रजनी डांगी और वरिष्ठ भाजपा नेता नानालाल बया सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा का स्थानीय नेतृत्व पारस सिंघवी के साथ दिखाई दिया।

नामांकन के लिए नगर निगम पहुंचे पारस सिंघवी का समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने से नगर निगम परिसर में चुनावी माहौल नजर आया। ढोल-नगाड़ों और पार्टी के झंडों के बीच समर्थकों ने उत्साह जताया।

पारस सिंघवी इससे पहले उदयपुर नगर निगम के पिछले बोर्ड में उप महापौर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इस बार भाजपा ने उन्हें महापौर पद के लिए अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। नामांकन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उन्होंने चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा बनते हुए अपना नामांकन पत्र जमा किया।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पारस सिंघवी पार्षदों की बाड़ेबंदी वाले रिसॉर्ट के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि रिसॉर्ट में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्षदों के साथ बैठकें और आगामी चुनावी प्रक्रिया को लेकर चर्चा की जा रही है।

महापौर पद के चुनाव में कांग्रेस की ओर से डॉ. पूनम कुंवर को प्रत्याशी बनाया गया है। ऐसे में अब दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामांकन के बाद चुनाव की तस्वीर सामने आ गई है। आने वाले समय में पार्षदों के मतदान से महापौर पद का फैसला होगा।

Spread the love