कानोड़ पुलिस ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाओ और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी!

कानोड़। कानोड़ थाना पुलिस द्वारा तुलसी अमृत उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना अधिकारी हुकुम सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी कॉल, ओटीपी और लिंक शेयर करने जैसी साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी।

थाना अधिकारी हुकुम सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी को इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदारी से उपयोग करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी विवरण या ओटीपी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल एवं प्रभावी तरीके से उत्तर दिया।

विद्यालय प्रशासन ने कानोड़ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Spread the love