अजमेर में पत्नी की हत्या करवाने वाला पति गिरफ्तार:किराएदारों से करवाया था मर्डर; बेटे ने पिता पर जताया था शक

अजमेर में किराएदारों से पत्नी की हत्या करवाने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पारिवारिक कलह के चलते पत्नी का मर्डर करवाया था। मामला आदर्श नगर थाना इलाके का है।

मामले में हत्या के मास्टरमाइंड पति भागचंद रावत (57) को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले दोनों किराएदार अलवर निवासी हेमंत कुमार शर्मा (23) और नागौर निवासी विकास ठोलिया (19) को गिरफ्तार कर लिया गया था।

आरोपी पति ने फोन पर किराएदारों को प्रॉपर्टी और जेवरात उनके नाम करने का लालच दिया था। दोनों किरायेदारों ने लालच में आकर महिला की रसोई में चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए अनजान बनते रहे और पुलिस और परिवार के आस-पास घूमते रहे थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर दोनों किराएदारों को गिरफ्तार कर लिया था।

Spread the love