उदयपुर की विद्यापीठ यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर सस्पेंड:गंभीर अनियमितताओं के बाद दिलीप सिंह चौहान को हटाया, पद पर रहते गड़बड़ियों के आरोप

उदयपुर में जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय) के योग विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर को निलंबित कर दिया गया है। डॉ. दिलीप सिंह चौहान पर अनियमितताओं की जांच लंबित होने के कारण उन्हें निलंबित किया गया है।

रजिस्ट्रार डॉ. तरुण श्रीमाली ने बताया- माणिक्य लाल वर्मा श्रमजीवी महाविद्यालय में पिछले कई सालों में योग एवं शारीरिक शिक्षा विभाग में कार्यवाहक निदेशक के पद पर रहते हुए चौहान ने कई तरह की गड़बड़ी की। पद पर रहते हुए लगभग 10 लाख की वित्तीय एवं अन्य अनियमितताओं के कारण उनके खिलाफ विभागीय जांच होगी।

चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर केंद्रीय कार्यालय में अपनी ड्यूटी देनी होगी। श्रीमाली ने बताया कि चौहान द्वारा कमेटी गठित होने के बाद से जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। वे कई दिनों से सोशल मीडिया पर संस्था की छवि को धूमिल करते हुए भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी फैला रहे हैं।

ये हैं डॉ. चौहान पर आरोप

  • नियमित सेवा में रहते हुए बिना सक्षम अनुमति एक ही समय में विभिन्न पाठ्यक्रमों, परीक्षाओं, शैक्षणिक गतिविधियों में सम्मिलित होना और दोहरा फायदा प्राप्त करना।
  • तथ्यों को छिपाकर एवं नियमों के विपरीत शैक्षणिक डिग्रियां अर्जित करना।
  • ट्रैक सूट, ब्लेजर एवं अन्य सामग्री की खरीद में गंभीर वित्तीय अनियमितता कर संस्था को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाना।
  • पद का दुरुपयोग करते हुए हितों के टकराव की स्थिति उत्पन्न करना एवं पारिवारिक फायदा सुनिश्चित करना।
  • कर्तव्य में घोर लापरवाही एवं संस्था/विश्वविद्यालय की छवि को क्षति पहुंचाना।
Spread the love