
जयपुर: राजस्थान विधानसभा में विपक्ष की जासूसी के लिए अतिरिक्त कैमरे लगाने के विवाद ने एक नया और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर सीधा आरोप लगाया है कि वे कांग्रेस की महिला विधायकों को रेस्ट रूम में बैठकर जासूसी कैमरे से ताड़ रहे हैं!
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए डोटासरा ने कहा, “स्पीकर कांग्रेस विधायकों की जासूसी करवा रहे हैं। विशेषकर महिलाओं को रेस्ट रूम में देखना चाहते हैं कि वे किस वेशभूषा में हैं, कैसी अवस्था में बैठी हैं और क्या बातें कर रही हैं। उनका फोकस महिलाओं पर ज़्यादा है।” उन्होंने आगे कहा, “ऐसे व्यक्ति को डूब के मर जाना चाहिए” जो एक संवैधानिक पद पर बैठकर महिला विधायकों की जासूसी करे।
गौरतलब है कि विधानसभा में ‘एक्स्ट्रा कैमरों’ के मुद्दे पर पिछले दो दिनों से घमासान मचा हुआ है। नेता प्रतिपक्ष ने विपक्ष की तरफ जासूसी के इरादे से कैमरे लगाने का आरोप लगाया था, जिस पर स्पीकर देवनानी ने सफाई देते हुए कहा था कि ये कैमरे सदन की सुरक्षा और 360 डिग्री व्यू के लिए अपग्रेड किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कैमरे केवल वीडियो रिकॉर्ड करते हैं, ऑडियो नहीं।
हालांकि, कांग्रेस इन तर्कों से संतुष्ट नहीं है। कांग्रेस विधायकों ने राज्यपाल से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा है और इस जासूसी मामले की संयुक्त कमेटी से जांच करवाने की मांग की है। इस विवाद ने विधानसभा की गरिमा और स्पीकर की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
