उदयपुर में आज रात होगी 300 से ज्यादा पार्टियां, लाइव सिंगर राजीव राजा और डीजे शेडो बिखेरेंगे जलवा

उदयपुर: नए साल का स्वागत करने के लिए झीलों की नगरी उदयपुर पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। सेलिब्रेशन के मामले में देश के टॉप-6 शहरों में शुमार उदयपुर आज रात ‘पार्टी हब’ में तब्दील होने वाला है। एक अनुमान के मुताबिक, शहर और आसपास के इलाकों में 300 से ज्यादा छोटी-बड़ी पार्टियां होने जा रही हैं। यही वजह है कि ट्रेवल पोर्टल ‘आउटलुक’ ने भी नए साल के जश्न के लिए उदयपुर को देश का चौथा सबसे बेस्ट शहर माना है। गोवा के बाद देश-विदेश के सैलानियों की पहली पसंद बने उदयपुर में इस वक्त गुजरात, महाराष्ट्र, एमपी और बंगाल से आए पर्यटकों का सैलाब उमड़ा हुआ है।
राजीव राजा की आवाज और टॉमोरलैंड का तड़का आज रात 8 बजे से शुरू होने वाला जश्न देर रात तक चलेगा। शहर के अंबामाता, नाई और बडगांव क्षेत्रों के होटल्स और रिसॉर्ट्स में सबसे ज्यादा पार्टियों का आयोजन किया गया है। इस बार की सबसे बड़ी पार्टी में मशहूर लाइव सिंगर राजीव राजा अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे, जिनके साथ टॉमोरलैंड आर्टिस्ट डीजे रूप भी मंच साझा करेंगे। इसके अलावा, एक अन्य ग्रैंड पार्टी में मशहूर डीजे शेडो और डीजे अख्तर अपनी बीट्स पर लोगों को झुमाएंगे। पार्टियों के लिए 3500 रुपए से लेकर 80 हजार रुपए तक के पैकेज बुक किए गए हैं, जिनमें जगलिंग एक्ट्स, फायर वर्क्स और फॉरेन कंट्री थीम बेस्ड डिनर मुख्य आकर्षण होंगे।
मंदिरों में उमड़ेगी आस्था, प्रशासन ने कसी कमर जश्न के साथ-साथ आस्था का संगम भी देखने को मिलेगा। जगदीश मंदिर, श्रीनाथजी मंदिर और अस्थल मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और दर्शन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुबह 5 बजे मंगला दर्शन के साथ ही नए साल की शुरुआत होगी। दूसरी ओर, आतिशबाजी को देखते हुए नगर निगम ने फायर ब्रिगेड की एक्स्ट्रा टीमें तैनात कर दी हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उदयपुर के करीब 900 होटल्स और 550 होम-स्टे इस वक्त पूरी तरह पैक हैं।
ट्रैफिक का नया चक्रव्यूह: जाम से बचने के लिए पुलिस तैनात सैलानियों की भारी आवक के कारण शहर की सड़कों पर जाम के हालात न बनें, इसके लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। अंदरूनी शहर में आज ‘वन-वे’ व्यवस्था रहेगी। बसों के लिए पारस तिराहा, प्रतापनगर और आरके सर्किल पर नो-एंट्री लगा दी गई है। चार पहिया वाहनों के लिए नगर निगम की पार्किंगों को इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। अतिरिक्त पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे ताकि जश्न के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और पर्यटक बेखौफ होकर नए साल का स्वागत कर सकें।
