उदयपुर: सावन के पहले दिन सोमेश्वर महादेव मंदिर में दिखा ‘बर्फानी बाबा’ का दिव्य स्वरूप, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

सावन मास के प्रथम दिन गुरुवार को उदयपुर के आयड़ स्थित महासतिया के समीप सोमेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का अद्भुत और मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिर में भगवान भोलेनाथ को बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा की तर्ज पर बर्फानी स्वरूप में सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर परिसर को विशेष रूप से बर्फ की आकृति देकर सजाया गया, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो श्रद्धालु स्वयं बाबा अमरनाथ के दर्शन कर रहे हों। सावन के पहले दिन सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक तथा बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस विशेष श्रृंगार के दौरान एक सफेद कबूतरों का जोड़ा भी बर्फानी स्वरूप के पास दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने इसे शुभ संकेत और भगवान शिव की कृपा का प्रतीक मानते हुए श्रद्धाभाव से नमन किया। मंदिर में मौजूद लोगों ने इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही सोमेश्वर महादेव मंदिर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दिव्य बर्फानी स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। मंदिर समिति के अनुसार, पूरे सावन माह में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और आकर्षक श्रृंगार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

Spread the love