पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के एमबीए 2001 बैच का दो दिवसीय सिल्वर जुबली मिलन समारोह संपन्न

उदयपुर। पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (PIM) के वर्ष 2001 एमबीए बैच का दो दिवसीय सिल्वर जुबली मिलन समारोह द ललित लक्ष्मी विलास पैलेस, उदयपुर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में देश एवं विदेश से बड़ी संख्या में पूर्व छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागी लंदन, दुबई, कुवैत सहित भारत के बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, भीलवाड़ा एवं उदयपुर सहित विभिन्न शहरों से पहुंचे।

दो दिनों तक चले इस आयोजन में विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां, टीम गेम्स एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी पूर्व विद्यार्थियों ने 25 वर्षों बाद मिलकर अपने छात्र जीवन की सुनहरी यादें ताजा कीं तथा अपने-अपने जीवन के अनुभव, उपलब्धियां और व्यावसायिक यात्राएं साझा कीं। आयोजन के दौरान आपसी मित्रता, आत्मीयता एवं पुराने रिश्तों का अनूठा संगम देखने को मिला।

उदयपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के सफल संचालन में आईआईएम उदयपुर की प्रोफेसर डॉ. ऋचा जैन, एलआईसी उदयपुर में कार्यरत जितेंद्र बोरड़िया, स्मृति पानेरी सहित स्थानीय पूर्व विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट मनीष डाड ने बताया कि इस सिल्वर जुबली मिलन समारोह का उद्देश्य 25 वर्षों बाद सभी साथियों को एक मंच पर लाकर पुराने संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाना तथा संस्थान से जुड़ी सुनहरी यादों को पुनः जीवंत करना था। सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे मिलन समारोह नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।

Spread the love