
चित्तौड़गढ़ स्थित प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में बुधवार को एक श्रद्धालु ने भगवान सांवलिया सेठ को 11 किलो 400 ग्राम वजनी चांदी की 19 सिल्लियां भेंट कीं। मौजूदा बाजार भाव के अनुसार इनकी कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है।
मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोहनगंज क्षेत्र से आए श्रद्धालु ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की। उसने मंदिर प्रशासन को बताया कि बेटे से जुड़ी एक मनोकामना लेकर उसने सांवलिया सेठ के दरबार में प्रार्थना की थी। मन्नत पूरी होने पर वह परिवार सहित मंदिर पहुंचा और आस्था स्वरूप चांदी की सिल्लियां अर्पित कीं।
मंदिर प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर चांदी की सभी सिल्लियों को मंदिर के सुरक्षित भंडार में जमा कर लिया। राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया के अनुसार 11.4 किलो चांदी की मौजूदा बाजार कीमत करीब 25.65 लाख रुपए है।
श्री सांवलियाजी मंदिर में हर महीने बड़ी संख्या में श्रद्धालु नकद राशि के साथ सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं भेंट करते हैं। मंदिर प्रशासन सभी चढ़ावे का रिकॉर्ड रखकर उन्हें सुरक्षित भंडार में जमा करता है और बाद में नियमित दान गिनती में शामिल किया जाता है।
हाल ही में मंदिर के भंडार की गिनती में नकद और ऑनलाइन दान मिलाकर 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए का चढ़ावा दर्ज किया गया था। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने करीब 4.30 करोड़ रुपए मूल्य का सोना और चांदी भी अर्पित किया। लगातार बढ़ती श्रद्धा के चलते सांवलिया सेठ का दरबार देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
