युवा शक्ति ने उठाया नशे के खिलाफ बिगुलः जोगी ताला विद्यालय में गूंजा ‘नशा मुक्त भारत’ का संकल्प

उदयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में संचालित ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जोगी तालाबे में आरोग्य सेवा संस्थान द्वारा संचालित आरोग्य जिला नशा मुक्ति केंद्र के सौजन्य से एक दिवसीय जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं आरोग्य संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर विजयपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थय को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज की खुशहाली को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने परिवार व मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही नशामुक्त और सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं।
आउटरीच वर्कर सुदर्शन सिंह ने बताया कि जागरूकता और सही मार्गदर्शन से युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सकता है। वहीं सागर बिलोची ने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अच्छे संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया।  
कार्यक्रम में आरोग्य संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जोगेंद्र सिंह चौहान सहित नारायण सिंह, राजवीर डामोर, रीना धोबी, हर्षवर्धन सिंह एवं संस्थान के अन्य कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम के अंत में पूरा विद्यालय परिसर “नशा मुक्त भारत” के संकल्प और जागरूकता नारों से गूंज उठा तथा विद्यार्थियों ने जीवनभर नशे से दूर रहने का दृढ़ संकल्प लिया।

Spread the love