उदयपुर, 10 जुलाई। महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को नई गति देने के उद्देश्य से कैट वूमेन विंग उदयपुर की ओर आयोजित तीन दिवसीय कैट उड़ान एग्ज़ीबिशन 2.0 का शुक्रवार को सॉलिटेयर गार्डन एंड बैंक्वेट में कैट राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता पाटिल के मुख्य आतिथ्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चेतना भाटी, नीलम विजयवर्गीय, सुमन गोयल, रजनी डांगी, अलका मूंदड़ा, डॉ. निशा अग्रवाल, वर्ता श्रीमाली, मुक्ता श्रीमाली, डॉ. स्वीटी छाबड़ा, रेखा नवलखा, मंजू फत्तावत एवं तारिका भानुप्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि की उपस्थिति में भव्य शुभारंभ हुआ।
कैट नेशनल जॉइंट सेक्रेटरी जनरल एवं अध्यक्ष विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें उदयपुर सहित देश के विभिन्न राज्यों की महिला उद्यमियों द्वारा बुटीक, आभूषण, हस्तशिल्प, गृह सज्जा, लाइफस्टाइल, खाद्य पदार्थ, उपहार सामग्री एवं अन्य आकर्षक उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है। पहले ही दिन शहरवासियों को हुजूम उमड़ पड़ा एवं जमकर खरीदारी की। गलूंडिया ने बताया कि 11 जुलाई को ज्योतिष शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें ज्योतिष, अंक ज्योतिष, हस्तरेखा, फेस रीडिंग, मोबाइल एवं जन्मपत्री विश्लेषण जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसी दिन शाम को देशभक्ति पर आधारित “हम हिन्दुस्तानी” स्टेज डांस प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं 12 जुलाई को बच्चों के लिए लिटिल मास्टर शेफ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
