उदयपुर शहर के नाई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बड़ी तालाब के पास एक युवक पर 5 से 6 युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों ने युवक के शरीर पर 4 से 5 वार किए, जिससे उसके जांघ, सीने, पीठ और चेहरे पर गहरे घाव हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान नजर हुसैन के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार नजर हुसैन रविवार शाम घर से बड़ी तालाब घूमने की बात कहकर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर मौके से फरार हो गए। अचानक हुए हमले के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक पर यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। घटना की सूचना पर नाई थाना प्रभारी मुकेश सोनी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की जांच एएसआई निसार मोहम्मद को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उदयपुर में बड़ी तालाब पर युवक पर चाकू से हमला, 5-6 बदमाशों ने घेरकर किए कई वार
