
नाथद्वारा। नाथद्वारा विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर संगठनात्मक गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनहित के विषयों की समीक्षा की।
अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने खमनोर मंडल की मासिक बैठक से की, जो श्री खेड़ा देवी माताजी मंदिर, बलीचा में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक श्री मेवाड़ ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने यह भी कहा कि संगठन में कार्य करते समय व्यक्तिगत हितों से ऊपर संगठन और जनता के हितों को प्राथमिकता देना आवश्यक है। कार्यकर्ताओं को सदैव समाज एवं संगठन की आवश्यकताओं को अपने व्यक्तिगत हितों से पहले रखते हुए जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
इसके पश्चात विधायक श्री मेवाड़ नाथद्वारा नगर मंडल द्वारा श्री गोवर्धन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाथद्वारा में आयोजित रक्तदान शिविर एवं बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को महादान बताया तथा चिकित्सा शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दौरे के अंतिम चरण में विधायक श्री मेवाड़ ने श्री गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय, नाथद्वारा में आयोजित राजस्थान मेडिकल रिलीफ सोसायटी (RMRS) की बैठक में भाग लिया। बैठक में अस्पताल से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं, चिकित्सा सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं मरीजों को होने वाली समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक श्री मेवाड़ ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए अस्पताल के समग्र विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
विभिन्न कार्यक्रमो मे जिला महामंत्री प्रदीप काबरा, नाथद्वारा मण्डल अध्यक्ष प्रवीण पालीवाल, खमनोर मण्डल प्रभारी खुशकमल कुमावत, खमनोर मण्डल अध्यक्ष मदन सिंह, उनवास सरपंच गीता देवी, वर्धनी देवी, भूपेन्द्र पालीवाल एवं विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी,संबंधित विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
