
उदयपुर जिले के कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर और ANM से जुड़े सुसाइड मामले में नया खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला ANM के आत्महत्या से पहले डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया और उसके बीच देर रात तीखी बहस हुई थी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे दोनों सरकारी आवास में मौजूद थे। इसी दौरान डॉक्टर के मोबाइल पर उसकी पत्नी का फोन आया। पत्नी का कॉल आने पर ANM नाराज हो गई और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद डॉक्टर अपनी पत्नी से बात करते हुए नीचे चला गया।
पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद जब डॉक्टर वापस कमरे में लौटा तो दरवाजा बंद मिला। खिड़की से देखने पर ANM का शव चुन्नी के फंदे से पंखे पर लटका दिखाई दिया। इसके बाद उसने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा।
बताया जा रहा है कि पिछले चार दिनों से दोनों उसी सरकारी आवास में साथ रह रहे थे। दोनों के बीच संबंध होने की भी चर्चा है। डॉक्टर कानोड़ CHC में पोस्टेड था, जबकि महिला ANM उदयपुर जिले की दूसरी CHC में कार्यरत थी।
घटना के बाद डॉक्टर ने मृतका की छोटी बहन को फोन कर आत्महत्या की सूचना दी। परिजनों के विरोध और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका के भाई ने डॉक्टर सुरेंद्र बिजारणिया के खिलाफ रेप और हत्या का मामला दर्ज कराया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉक्टर शादी का झांसा देकर उसकी बहन का शोषण कर रहा था और मानसिक रूप से परेशान करता था। भाई ने यह भी दावा किया कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान थे।
कानोड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
