नागौर में पुलिस पर सौदेबाजी का आरोप, हिस्ट्रीशीटर से 20 लाख की डील, DST टीम लाइन हाजिर

नागौर। जिले में पुलिस महकमे से जुड़ा बड़ा विवाद सामने आया है, जहां डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) पर हिस्ट्रीशीटर से पैसे लेकर केस में राहत देने की डील करने का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रोशन मीणा ने पूरी टीम को लाइन हाजिर कर दिया है, जबकि दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अशोक भाटी से डीएसटी टीम द्वारा 20 लाख रुपए की डील की बात सामने आई है। आरोप है कि यह रकम तस्करी से जुड़े एक केस में नाम हटाने के एवज में मांगी गई थी। अशोक भाटी और डीएसटी के कॉन्स्टेबल दिनेश के बीच बातचीत का कथित वीडियो सामने आने के बाद मंगलवार देर शाम यह कार्रवाई की गई।

इस मामले में डीएसटी प्रभारी मुकेशचंद यादव सहित कुल 7 पुलिसकर्मियों को टीम से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। वहीं कॉन्स्टेबल दिनेश और बलदेव को सस्पेंड किया गया है। पूरे मामले की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक (ट्रेनी आईपीएस) जतिन जैन को सौंपी गई है।

दरअसल, 13 अप्रैल को डीएसटी को सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश सुखराम भींचर और अन्य अपराधी नागौर के हनुमान बाग स्थित हिस्ट्रीशीटर अशोक भाटी के घर पर मौजूद हैं। इस पर टीम ने दबिश दी, लेकिन पुलिस को देखते ही अशोक भाटी आक्रामक हो गया। उसने अपने कुत्ते को छोड़ दिया और एक कॉन्स्टेबल के हाथ पर काट भी लिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने अशोक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

इस घटना के बाद डीएसटी प्रभारी ने अशोक भाटी, दिनेश जांदू, प्रहलाद घांची, गुमानाराम और उसकी पत्नी मंजू के खिलाफ राजकार्य में बाधा और हमला करने का केस दर्ज कराया था। लेकिन अब इसी कार्रवाई के बीच कथित सौदेबाजी का मामला सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के अनुसार, मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में नीमच (मध्यप्रदेश) पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी का लिंक अशोक भाटी से जुड़ा बताया गया था। इसी केस में नाम हटवाने को लेकर पहले करीब ढाई लाख रुपए की बात हुई और बाद में 20 लाख रुपए तक की डील की चर्चा सामने आई।

फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिस केस को लेकर यह लेनदेन की बात हुई, वह वास्तव में दर्ज है या नहीं। मामले के खुलासे के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और जांच के बाद और भी कार्रवाई होने की संभावना है।

Spread the love