अफेयर बना मौत की वजह, BAP नेता के भाई की बेरहमी से हत्या, पोस्टमॉर्टम में चौंकाने वाले खुलासे

बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) नेता अशोक निनामा के भाई की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि 28 वर्षीय अनिल की हत्या एक विवाहिता महिला से कथित प्रेम संबंध के चलते की गई।

पुलिस के अनुसार, महिला के पति को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अनिल पर हमला कर दिया। घटना सोमवार रात खमेरा थाना क्षेत्र के कालीमगरी गांव की है, जहां अनिल गंभीर हालत में मिला था। बाद में उसकी मौत हो गई।

बांसवाड़ा के एमजीएच अस्पताल के डॉ. अमित भिमावत ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा किया कि अनिल के शरीर पर सिर से लेकर पैरों तक अनगिनत चोटों के निशान थे। उसके प्राइवेट पार्ट की चमड़ी तक फट गई थी, जबकि हैरानी की बात यह रही कि शरीर से बाहर खून की एक बूंद तक नहीं निकली। डॉक्टर के अनुसार मौत की असली वजह सिर में लगी गंभीर चोट थी, जो किसी भारी वस्तु से वार करने के कारण हुई।

जांच में सामने आया कि महिला ने ही अनिल को फोन कर मिलने बुलाया था और वह उसके साथ बाइक पर आई थी। इसी दौरान महिला का पति अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुंचा और दोनों ने मिलकर अनिल को पकड़ लिया। इसके बाद उस पर डंडे, पत्थर या किसी भारी वस्तु से बेरहमी से हमला किया गया और उसे मृत समझकर मौके पर ही छोड़ दिया गया।

घायल अवस्था में मिले अनिल ने पुलिस को तीन लोगों के नाम बताए थे, जिनमें एक दंपती भी शामिल है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। परिजनों ने भी पांच लोगों पर हत्या का शक जताते हुए केस दर्ज कराया है।

मृतक के भाई अशोक निनामा ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर अनिल “बचाओ-बचाओ” चिल्ला रहा था और ऐसा लग रहा था कि उसे घसीट-घसीट कर पीटा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Spread the love