उदयपुर के युवक की अहमदाबाद में हत्या, दो माह बाद होनी थी शादी; आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार

उदयपुर के नयागांव उपखंड के बलीचा गांव के एक युवक की Ahmedabad में सोमवार रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। युवक के पेट पर किए गए गहरे वार से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और समाज के लोग Udaipur से अहमदाबाद पहुंचे और सिविल हॉस्पिटल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परिजनों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं उठाएंगे और पोस्टमॉर्टम भी नहीं करवाएंगे। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

मृतक हितेष (25) अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसके पिता रमणलाल ने बताया कि दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी और घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

जानकारी के अनुसार, परिवार करीब 20 साल पहले उदयपुर से अहमदाबाद में आकर बस गया था। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। हितेष अपने पिता के साथ एक व्यवसायी के यहां फर्नीचर (बेड, सोफा और लकड़ी के सामान) बनाने का काम करता था।

मेघवाल युवा संगठन के लक्ष्मीनारायण मेघवाल के अनुसार, घटना के वक्त हितेष अपने घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पास में सो रही बहन की चीख सुनकर परिजन बाहर आए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना पर गुजरात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। हत्या की खबर फैलते ही मेघवाल समाज, आदिवासी विकास यूनियन, भीम आर्मी और जय भीम संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

Spread the love