
टोंक जिले के डिग्गी थाना इलाके के कलमंडा गांव में गुरुवार सुबह एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ की एक मस्जिद में नमाज पढ़ाने वाले इमाम आबिद अब्दुल रशीद ने आपसी रंजिश के चलते गांव के ही हकीम पीनारा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वारदात उस समय हुई जब हकीम सुबह करीब 8 बजे मस्जिद के टॉयलेट में गया था। इमाम ने उसे अंदर बंद कर पेट्रोल डाला और आग लगाकर मौके से फरार हो गया। हकीम की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जोधपुर के बिलाड़ा निवासी इमाम आबिद और हकीम के बीच बुधवार रात को किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद का बदला लेने के लिए इमाम ने सुबह का इंतजार किया और हकीम पर जानलेवा हमला कर दिया। आग की चपेट में आने से हकीम का चेहरा, हाथ, पैर और कंधे बुरी तरह झुलस गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया है, जहाँ बताया जा रहा है कि वह करीब 70 प्रतिशत तक झुलस चुका है।
डिग्गी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार इमाम की तलाश तेज कर दी है। एएसआई गिर्राज जाट के अनुसार, आरोपी इमाम की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में नाकाबंदी की गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव में इस घटना के बाद से ही तनाव और सनसनी का माहौल है, वहीं पुलिस इस पूरे मामले के पीछे की मुख्य वजह और रात को हुए झगड़े की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
