
Udaipur में शुक्रवार सुबह सरसों के तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक भाई ठाकुर (40) निवासी पालनपुर, गुजरात घायल हो गया और केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना Gogunda थाना क्षेत्र में National Highway 27 पर कीर्तिराज होटल के पास सुबह करीब 8 बजे हुई।
टैंकर पलटने के बाद उसमें भरा सरसों का तेल सड़क किनारे बहने लगा। इसकी खबर आसपास के गांवों में फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण खाली बर्तन, बाल्टी और ड्रम लेकर मौके पर पहुंच गए और तेल भरने की होड़ मच गई। इस दौरान घायल ड्राइवर केबिन में फंसा रहा।
सूचना मिलने पर गोगुंदा थाना पुलिस के उपनिरीक्षक हितेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेल भर रहे लोगों को खदेड़कर स्थिति को काबू किया। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर केबिन में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात के कांडला से सरसों का तेल लेकर मध्यप्रदेश के नीमच जा रहा था। गोगुंदा हाईवे पर ढलान के दौरान टैंकर के न्यूट्रल होने से वह बेकाबू हो गया, चट्टान से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को साइड में खड़ा करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
