
राजसमंद । राजसमंद कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा को एसआईआर-2026 के तहत उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा जाएगा।
यह सम्मान 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में दिया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, कलेक्टर हसीजा को सम्मानित करेंगे।
कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व में राजसमंद जिला निर्वाचन संबंधी प्रत्येक अभियान और योजना में राज्य स्तर पर अव्वल रहा है। मतदाता सूची के शुद्धिकरण, सत्यापन और जागरूकता अभियानों में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।सम्मान मिलने पर कलेक्टर हसीजा ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए अपनी पूरी टीम को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान राजसमंद जिले के समस्त बीएलओ, पर्यवेक्षकों, प्रभारी अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सूचना सहायकों, प्रोग्रामर्स तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में किए गए अथक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनर्स को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर अद्भुत कार्य किया, जिसकी बदौलत राजसमंद जिला यह उपलब्धि हासिल कर सका।
