– बहु द्वारा झूठे दहेज के मामले में फसाने के चलते हुई मौत

उदयपुर । जिले के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है, जहां बहु की कथित मानसिक प्रताड़ना और दहेज प्रकरण से उत्पन्न तनाव के चलते सास की मृत्यु हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला उथरदा निवासी योगेश शर्मा एवं उनकी पत्नी नीलम औदिच्य से जुड़ा हुआ है, जिनका विवाह चार वर्ष पूर्व सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगेश शर्मा निवासी उथरदा (हाल मुकाम धाऊजी की बावड़ी) का विवाह चार वर्ष पूर्व नीलम औदिच्य, पुत्री देवीलाल औदिच्य निवासी भवरासिया (हाल मुकाम तितरड़ी) से हुआ था। प्रारंभिक समय में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, किंतु पिछले दो वर्षों से बहु और सास गीता देवी के बीच लगातार विवाद होने लगे।
परिवारजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर पति-पत्नी को अलग कमरा भी दिया गया, बावजूद इसके आपसी मतभेद समाप्त नहीं हुए। इसके बाद नीलम अपने पीहर चली गई। आरोप है कि इसके पश्चात नीलम द्वारा योगेश और उनकी मां गीता देवी पर पैसों की मांग का दबाव बनाया गया और दहेज के नाम पर केस दर्ज कराने की धमकियां दी जाती रहीं। योगेश एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से होने के कारण कथित मांगें पूरी नहीं कर सका।
इसी बीच नीलम द्वारा महिला थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया गया। मामले को सुलझाने के लिए समाज के वरिष्ठजनों और बंधुओं द्वारा कई बार आपसी समझाइश के प्रयास किए गए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया।
8 जनवरी 2026 को दोपहर में योगेश, उनके माता-पिता को महिला थाने में बयान के लिए बुलाया गया। वहां बयान प्रक्रिया के दौरान योगेश की माता गीता देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अमेरिकन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि वे गहरे मानसिक सदमे में थीं।
इस दुखद घटना के बाद योगेश शर्मा ने प्रतापनगर थाने में अपनी पत्नी नीलम के खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है और पूरे प्रकरण की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही समाज के अनेक लोग एकत्रित हो गए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। समाजजनों का कहना है कि यह मामला केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि सामाजिक तनाव और कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़े मानवीय पहलुओं पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों, चिकित्सकीय रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
