
भीलवाड़ा। टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस ने ब्यूटी सैलून और स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे हाई-प्रोफाइल देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है। मानसरोवर झील के पास स्थित ‘मानसरोवर ब्यूटी सैलून एंड स्पा’ पर हुई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने थाईलैंड की एक विदेशी युवती सहित कुल पांच युवतियों और चार युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में स्पा सेंटर का संचालक और उसका हेल्पर भी शामिल हैं। एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर हुई इस अचानक छापेमारी से इलाके के अन्य स्पा सेंटरों और संदिग्ध ठिकानों पर हड़कंप मच गया है।
पुलिस को पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि मानसरोवर स्पा में बॉडी मसाज के नाम पर अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं और इसमें विदेशी युवतियों को भी शामिल किया गया है। सूचना की तस्दीक के लिए सीओ सिटी सज्जन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें निर्भया स्क्वॉड और महिला पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया गया। पुलिस ने पूरी योजना के साथ एक कांस्टेबल को बोगस ग्राहक बनाकर स्पा के अंदर भेजा। बोगस ग्राहक ने जब मसाज के लिए बात की, तो रिसेप्शन पर उससे 500 रुपए लिए गए और फिर अंदर एक युवती ने सेवाओं के नाम पर 1500 रुपए अतिरिक्त मांगे। सौदा तय होते ही कांस्टेबल का इशारा मिलते ही बाहर खड़ी पुलिस टीम ने स्पा में धावा बोल दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से स्पा संचालक रामरतन कुमावत और उसके हेल्पर जगदीश प्रजापत को धर दबोचा। साथ ही वहां ग्राहक के रूप में मौजूद ग्वालियर के पराग चतुर्वेदी और दांथल निवासी कैलाशचंद्र जाट को भी गिरफ्तार किया गया। पीटा एक्ट के तहत पकड़ी गई पांच युवतियों में से एक थाईलैंड की रहने वाली है, जबकि तीन दिल्ली और एक उदयपुर की निवासी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि संचालक मसाज की फीस अलग लेता था और अनैतिक कार्यों के लिए ग्राहकों से मोटी रकम वसूली जाती थी।
देर रात तक चली इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब गिरफ्तार की गई विदेशी युवती के वीजा और पासपोर्ट की जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हुए हैं। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि शहर के अन्य किन इलाकों में मसाज पार्लर की आड़ में इस तरह के अवैध धंधे पनप रहे हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
