
उदयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में साइबर ठगों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुखेर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सोनारिया, लखावली क्षेत्र में दबिश देकर ऑनलाइन ठगी और गेमिंग के जरिए अवैध लेनदेन करने वाले संगठित गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंक संबंधी दस्तावेज बरामद किए हैं।
थानाधिकारी रविन्द्र चारण के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लैपटॉप, 46 एंड्राइड मोबाइल, 42 सिम कार्ड, 36 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, 9 चेकबुक और वाईफाई राउटर जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल यादव, विजयसिंह, मोहम्मद परवेज और मनीष राठौर अपने अन्य साथियों सौरभ उपाध्याय व सुमित चंदेल के साथ मिलकर एक संगठित नेटवर्क चला रहे थे।
यह गिरोह भोले-भले लोगों से कमीशन के आधार पर उनके बैंक खाते खरीदता था और फिर उन खातों को आगे अन्य अपराधियों को कमीशन पर उपलब्ध करा देता था। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी और ऑनलाइन गेमिंग से प्राप्त अवैध राशि को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पकड़े गए आरोपियों में विशाल यादव, विजयसिंह और मोहम्मद परवेज भीलवाड़ा के रहने वाले हैं, जबकि मनीष राठौर कोटा का निवासी है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस रैकेट के तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं।
