चलती कार में महिला की हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर सलूंबर जिले के गींगला थाने की पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए, चलती बोलेरो कार पर पथराव कर एक महिला की हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

थानाधिकारी जयकिशन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अनिल (23 वर्ष) पुत्र लालशंकर बरगोट, निवासी करवाखास, आसपुर, डूंगरपुर और नेपाल (19 वर्ष) पुत्र नाथुराम डामोर, निवासी भोडन का वेला, साबला, डूंगरपुर शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है।

मृतका का परिवार इन आरोपियों को पहले से जानता था, क्योंकि ये लोग समाज के कार्यक्रमों में अक्सर आते-जाते रहते थे। आरोपियों ने जानबूझकर मारने की नीयत से पत्थर फेंके, जिससे कार रुकवाने की कोशिश की गई।

एक पत्थर सीधे महिला मोती बाई के गले पर लगा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रिटायरमेंट में शामिल होकर लौट रही महिलाओं पर की पत्थरबाजी

घटना 31 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे की है। मृतका मोती बाई पत्नी धनिया मीणा, साथ में देवली बाई पत्नी भीमराज, मांगली बाई पत्नी रामलाल, गोती बाई पत्नी अर्जुन और अन्य महिलाएं अपने रिश्तेदार के रिटायरमेंट कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चिबोडा घाटी गांव गई थीं।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे बोलेरो कार में सवार होकर घर लौट रही थीं। तभी झडाप स्कूल के ठीक पहले, बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

उन्होंने गाडी को रुकवाया। गाडी का गेट नहीं खोला तो जबरन खोलने का प्रयास किया। तभी उन्होंने पत्थरबाजी शुरू कर दी। एक पत्थर मोतीबाई के गले में लगा, जिससे वह बेसुध हो गई। घटना के वक्त मोतीबाई की तरफ गाड़ी का कांच खुला था।

उन्हें तुरंत भबराना हॉस्पिटल ले गए। जहां से गंभीर स्थिति होने पर सलूंबर जिला अस्पताल रेफर किया। फिर वहां से उदयपुर शहर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां महिला ने दम तोड़ दिया।

Spread the love