गोगुंदा में चोरों का तांडव, एक ही रात में 7 जगहों पर बोला धावा, CCTV में कैद हुए नकाबपोश बदमाश, कस्बे में दहशत

उदयपुर के गोगुंदा में एक दुकान के शटर का ताला तोड़ता चोर सीसीटीवी में कैद। - Dainik Bhaskar

उदयपुर। जिले के गोगुंदा कस्बे में शनिवार की काली रात व्यापारियों और ग्रामीणों के लिए खौफनाक साबित हुई। बेखौफ अज्ञात चोरों के एक गिरोह ने मुख्य बस स्टैंड इलाके में जमकर उत्पात मचाया और एक ही रात में सात अलग-अलग जगहों के ताले तोड़कर सनसनी फैला दी। नकाबपोश चोरों ने तीन बड़ी दुकानों, तीन हाथ लारियों और एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया। इस सामूहिक चोरी की वारदात के बाद पूरे कस्बे में दहशत का माहौल है और स्थानीय व्यापारियों में पुलिस गश्त को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

बस स्टैंड से शुरू हुआ चोरी का सिलसिला सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे नकाबपोश चोरों का दल बस स्टैंड इलाके में दाखिल हुआ। उन्होंने सबसे पहले खूबीलाल तेली की दुकान को निशाना बनाया। इसके बाद गिरोह ने राम सिंह राजपूत की किराना दुकान और पास ही स्थित ओम जनरल स्टोर के ताले चटकाए। दुकानों को खंगालने के बाद चोर स्कूल के बाहर खड़ी हाथ लारियों की तरफ बढ़े। यहाँ उन्होंने आलू-पराठा विक्रेता सोहनलाल लोहार और भेरूसिंह की चाय की लारी के ताले तोड़े। सबसे ज्यादा नुकसान समद खां की हाथ लारी में हुआ, जहाँ से चोर करीब 10 हजार रुपये से अधिक का कीमती किराना सामान समेट कर ले गए।

तालाब की ओर भागे चोर, सूने मकान को भी नहीं छोड़ा दुकानों और लारियों में हाथ साफ करने के बाद चोरों का यह गिरोह तालाब क्षेत्र की ओर बढ़ा। वहां उन्होंने मोतीलाल प्रजापत के सूने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कीमती सामान पर हाथ साफ किया। सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और वे वारदात के बाद तालाब की दिशा में भाग निकले। एक साथ सात स्थानों पर हुई इन वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में रोष रविवार सुबह जब दुकानदारों को ताले टूटे होने की जानकारी मिली, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गोगुंदा थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही गिरोह को दबोच लिया जाएगा। हालांकि, एक ही रात में इतनी जगहों पर चोरी की घटना ने कस्बे के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।

Spread the love