शर्मनाक: उदयपुर में मैनेजर से गैंगरेप, कंपनी के CEO और एग्जीक्यूटिव हेड के पति ने चलती कार में लूटी आबरू

बर्थडे पार्टी के बाद ‘आफ्टर पार्टी’ के बहाने पिलाई शराब, डैशकैम में रिकॉर्ड हुई दरिंदगी, महिला अफसर भी थी साथ

उदयपुर झीलों की नगरी उदयपुर में रिश्तों और भरोसे को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर की एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत युवती के साथ उसी की कंपनी के सीईओ (CEO) और महिला एग्जीक्यूटिव हेड के पति ने चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म किया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात के दौरान महिला एग्जीक्यूटिव हेड भी कार में मौजूद थी। पीड़िता की शिकायत पर सुखेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि दरिंदगी की यह पूरी करतूत कार के डैशकैम (Dashcam) में कैद हो गई है।

पार्टी के बाद घर छोड़ने के बहाने वारदात पुलिस को दी रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि 20 दिसंबर को कंपनी के सीईओ की बर्थडे और न्यू ईयर पार्टी एक होटल में आयोजित की गई थी। रात करीब 1:30 बजे तक चली पार्टी में जमकर शराब का दौर चला। जब पीड़िता की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेसुध होने लगी, तो महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने उसे घर छोड़ने के बहाने अपनी कार में बैठा लिया। कार में पहले से ही सीईओ और महिला का पति मौजूद थे।

स्मोक कराया और फिर शुरू हुआ हैवानियत का खेल पीड़िता के अनुसार, रास्ते में आरोपियों ने एक दुकान से स्मोकिंग आइटम लिया और उसे भी स्मोक कराया, जिससे वह पूरी तरह बेसुध हो गई। इसी का फायदा उठाकर सीईओ और महिला एग्जीक्यूटिव हेड के पति ने उसके साथ कार में गैंगरेप किया। सुबह करीब 5 बजे आरोपियों ने उसे घर छोड़ा। जब पीड़िता को होश आया तो उसे शरीर पर घाव के निशान मिले और उसके गहने व कपड़े गायब थे।

डैशकैम ने खोली दरिंदों की पोल पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए जब कार के डैशकैम के ऑडियो और वीडियो चेक किए, तो उसके होश उड़ गए। कैमरे में सीईओ, महिला अधिकारी और उसके पति की सारी घिनौनी हरकतें और बातचीत रिकॉर्ड हो गई थी। इसी पुख्ता सबूत के आधार पर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच महिला अपराध शाखा की एएसपी माधुरी वर्मा को सौंपी गई है।

Spread the love