
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) को साफ चेतावनी देते हुए कहा है कि जब तक RCA अपने यहां चुनाव नहीं कराता, तब तक जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक भी मैच आयोजित नहीं किए जाएंगे। बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी राज्य संघ के लिए निर्वाचित बॉडी होना अनिवार्य शर्त है।
आईपीएल चेयरमैनअरुण सिंह धूमल ने स्पष्ट किया कि पिछले साल से ही RCA को इस बारे में सूचित किया गया था, लेकिन अभी तक चुनाव नहीं हुए हैं। वर्तमान में आरसीए एक एड-हॉक कमेटी द्वारा संचालित हो रही है, जिसमें दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच विवाद चल रहा है। इस स्थिति के कारण वेन्यू क्लीयरेंस में जटिलताएं आ रही हैं।
RCA चुनाव नहीं कराता तो आईपीएल नहीं होगा
धूमल ने कहा, “हमने पहले ही राज्य संघ को लिखित रूप से सूचित कर दिया था कि जब तक RCA चुनाव नहीं कराता और निर्वाचित निकाय अस्तित्व में नहीं आता, तब तक आईपीएल को उस वेन्यू पर ले जाना हमारे लिए मुश्किल होगा।” उन्होंने आगे बताया कि फिलहाल RCA ने अब तक चुनाव नहीं कराए हैं और अब यह फ्रेंचाइज़ी पर निर्भर करता है कि वह स्टेडियम और सुविधाओं को आईपीएल मैचों के लिए उपयुक्त मानती है या नहीं। धूमल ने आगे कहा, “जब हमारी ड्यू डिलिजेंस पूरी होगी और अगर RCA निष्पक्ष और सुचारू रूप से चुनाव कराने में सफल रहता है, तभी हम जयपुर को होस्ट वेन्यू के तौर पर देखने पर विचार करेंगे।”
