
चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर मामूली सी बात को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी और सरिए से हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है और पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर में माता जी के दर्शन करने गए थे
कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत के अनुसार- गांधीनगर निवासी रोहित बोरीवाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दोस्त संजय चावला और कार्तिक खोईवाल के साथ दुर्ग पर माता जी के दर्शन करने गया था। इसी दौरान मामूली बात को लेकर वहां मौजूद कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि मामला झगड़े में बदल गया।
स्थानीय युवकों ने किया कथित हमला
रोहित ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि दुर्ग निवासी किशन सालवी, दीपक साहू उर्फ भल्ला, राहुल, लक्ष्मण साहू और अन्य अज्ञात युवक अचानक उन पर टूट पड़े। उन्होंने लाठियों और सरियों से हमला कर दिया। इस दौरान तीनों ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार्तिक घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को कराया भर्ती
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। घायल युवक कार्तिक को तुरंत जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत फिलहाल ठीक है और खतरे से बाहर है।
एक पक्ष ने दर्ज करवाई रिपोर्ट
थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल केवल रोहित बोरीवाल की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है। दूसरे पक्ष की ओर से अब तक कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
