
फर्जी तरीके से नेशनल सर्व समाज पार्टी बनाकर तीन साल में 271 करोड़ रुपए के बोगस लेनदेन के मामले में आयकर विभाग (IT) की कार्रवाई बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। जयपुर और अजमेर से भीलवाड़ा पहुंची टीमों ने एडवोकेट विकास व्यास के विजय सिंह पथिक नगर स्थित आवास पर डॉक्युमेंट्स खंगाल रही हैं।
मंगलवार को टीमों ने दीपक कुमार जोशी के घर (गुर्जरों की गली, आटूण) और कमलेश आचार्य के घर (हनुमान मंदिर के पास, आजाद नगर) पर छापेमारी की थी। कमलेश आचार्य, अध्यक्ष विकास का रिश्तेदार है। दीपक जोशी इन दोनों का दोस्त है, तीनों को नेतागिरी का शौक है ऐसे में तीनों ने पार्टी में बड़ी भूमिका देख हामी भर दी। इस मामले में वकील राहुल कोठारी ने मध्यस्थता करवाई थी। वह भी आयकर विभाग के रडार पर है।
मामले में जांच के लिए आयकर विभाग की टीम नेशनल सर्व समाज पार्टी के मुख्यालय गाजियाबाद भी पहुंची, वहां कार्यालय पर ताला मिला।
जांच में अब तक ये फैक्ट्स आए सामने
- दिसंबर 2022 से मुंबई से ऑपरेट हो रहा था वह बैंक खाता, जिससे 271 करोड़ का लेनदेन हुआ।
- खाते की KYC भीलवाड़ा से अध्यक्ष विकास ने करवाई थी।
- बैंक लेनदेन का OTP मुंबई के एक व्यक्ति के मोबाइल पर आता था।
- तीन साल में खाते में 271 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ।
मुंबई में ऑपरेट हो रहे फोन पर जाता था OTP
जानकारी के अनुसार, एडवोकेट विकास ने अकाउंट की केवाईसी भीलवाड़ा से करवाई थी। ये अकाउंट मुंबई में कोई अन्य व्यक्ति ऑपरेट करता था। बैंक में लेनदेन होने पर ओटीपी मुंबई वाले व्यक्ति के मोबाइल पर आता था। पिछले तीन साल में ही अकाउंट में 271 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ है, ऐसे में यह आयकर विभाग के रडार पर आ गया। वकील राहुल कोठारी भी विकास का दोस्त है उसी ने पार्टी और विकास के बीच मध्यस्थता करवाई थी, बोगस क्लेम में इसका भी नाम है।
2 पॉइंट्स में समझिए मामला
- आयकर टीमों को पिछले 3 साल में दो पॉलिटिकल पार्टियों के कमिशन काटकर 500 करोड़ रुपए का बोगस चंदा वापस लौटाने के सबूत मिले। इसके चलते आयकर विभाग ने कटौतियों और छूटों के फेक दावों को लेकर देशभर में करीब 150 ठिकानों पर सोमवार 14 जुलाई को छापेमारी की कार्रवाई की शुरुआत की।
- जांच में आईटीआर तैयार करने वाले और बिचौलियों की ओर से संचालित संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तलाशी और जब्ती कार्रवाई में विभिन्न ग्रुपों और संस्थाओं की ओर से धोखाधड़ी करने के सबूत मिले।
14 जुलाई को सीए के यहां हुई थी कार्रवाई
बता दें कि 14 जुलाई को भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी में रहने वाले सीए राजकुमार के यहां भी कार्रवाई की थी। राजकुमार को टीम के आने की भनक लग गई और वो मौके से भाग निकला। टीम ने इसका कुछ दूरी तक सर्च भी किया लेकिन वो टीम को चकमा दे गया। ये युवक अकाउंट्स, इनकम टैक्स रिटर्न ओर टैक्स सॉल्यूशन प्रोवाइड कराने का काम करता है।
