6 लाख रुपए चोरी करने वाला ड्राइवर गिरफ्तार

पल पल राजस्थान | Harsh Jain

उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने 6 लाख रुपए कैश चोरी कर भागने वाले कार चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से कार और रुपए बदामद किए हैं। थानाधिकारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी जयकिशन पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी गांगरसोली निवासी कुम्हेर डीग को गिरफ्तार​ किया। आरोपी से कार सहित चोरी किए 6 लाख रुपए बरामद किए हैं। प्रार्थी ​अंकित भार्गव ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। 26 फरवरी को आईटीसी होटल में एक इवेंट के काम से उसने मयंक करणपुरिया के माध्यम से एक इनोवा गाडी बुक करी थी। उस गाडी का ड्राइवर जयकिशन था। जो दोपहर 12:30 बजे उसके निवास पर आया और उसका सामान, एक लेपटॉप बैग लेकर निकला था। बैग में 6 लाख रुपए नकद थे। प्रार्थी ने पार्किंग में गाडी लगाई और उसमें सामान और लेपटॉप बैग रखकर होटल के अंदर गया। शाम करीब 8 बजे वह काम करके बाहर आया और पेमेंट करने के लिए बैग खोला तो नकद रुपए गायब थे। पीड़ित ने तुरंत मयंक को फोन कर घटना के बारे में बताया। ड्राइवर से बात करने और पूछताछ करने पर वो आनाकानी करने लगा। फिर गाडी लेकर भाग गया। डाइवर जयकिशन 6 लाख रुपए और गाडी सहित लेकर भागने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई। इधर, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Spread the love