जोधपुर में महिला ने की आत्महत्या की कोशिश, कालिका टीम ने समय रहते बचाई जान

पल पल राजस्थान

जोधपुर। जोधपुर में एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। लेकिन समय रहते पहुंची पुलिस कमिश्नरेट की कालिका टीम ने महिला की जान बचा ली। महिला घरेलू कलह से परेशान थी।

घटना जोधपुर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके की है। सुबह-सुबह रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या के इरादे से बैठी एक महिला की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कालिका टीम की सदस्य माया और ज्योति मौके पर पहुंचीं। ट्रेन नजदीक आ चुकी थी, लेकिन सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से महिला को वक्त रहते ट्रैक से हटा लिया गया।

महिला की पहचान नहीं बताई गई है, लेकिन पुलिस के अनुसार वह घरेलू विवाद और परिवार में मारपीट से मानसिक रूप से परेशान थी। उसे मामूली चोटें भी आई थीं, जिनका इलाज करवाया गया।

कालिका टीम सदस्य माया ने बताया की ट्रैक के पास पहुंचने पर ट्रेन सामने आ चुकी थी। हमने तुरंत महिला को ट्रैक से हटाया और बासनी थाने ले गए। वहां काउंसिलिंग करवाई और परिजनों को पाबंद करके महिला को उनके सुपुर्द किया गया।

पुलिस कमिश्नरेट की कालिका टीम ने एक बार फिर साबित किया है कि समय पर की गई कार्रवाई किस तरह एक जिंदगी बचा सकती है। एडिशनल डीसीपी सुनील पंवार ने भी टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Spread the love