
उदयपुर में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ सामने से आ रही एक निजी वीडियो कोच बस से जा टकराई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई।
ऋषभदेव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 स्थित कानुवाड़ा गांव के मोड़ पर मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे यह हादसा हुआ। दोनों कार सवार युवक कागदर गांव से ऋषभदेव की तरफ आ रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बोनट बुरी तरह टूटकर बिखर गया। कार में फंसे युवकों के शवों को मुश्किल से निकाला गया। योगेंद्र कुमार (31) पुत्र भगवतीलाल कलाल निवासी सेमारी सलूंबर और पीयूष मीणा (23) पुत्र भैंरूलाल मीणा निवासी ऋषभदेव शराब के ठेके पर काम करते थे।
कार पिचकने से शव गाड़ी में फंसे
पुलिस के अनुसार- तेज रफ्तार कार का अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद ये हादसा हुआ। कार पिचकने से शव बुरी तरह फंस गए। जिन्हें मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। वहीं बस के आगे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। करीब एक घंटे हाईवे पर जाम के हालात बन गए।
मौके पर पहुंची ऋषभदेव थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को साइड कराया और मृतकों के शव मॉर्च्युरी में रखवाए। इसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था बहाल की गई। पुलिस ने दोनों युवकों के शव का पोस्टमॉर्टम बुधवार को कराकर शव परिजनों को सौंप दिए।
