हल्दीराम, तिरुपति ग्रुप और अमूल जैसी प्रमुख कंपनियों की भागीदारी; सीडीएफटी एलुमनाई एसोसिएशन करेगा अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं इंडस्ट्री कन्वेंशन का आयोजन
उदयपुर। खाद्य एवं डेयरी उद्योग में नवाचार, आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप और सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उदयपुर में 24 अक्टूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं एलुमनाई-इंडस्ट्री कन्वेंशन आयोजित किया जाएगा। डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय , महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय , उदयपुर के सहयोग से सीडीएफटी एलुमनाई एसोसिएशन इस आयोजन का संचालन करेगा।
खाद्य एवं डेयरी उद्योग का अगला दशक’ विषय पर आधारित इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य उद्योग के भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करना, तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करना और पूर्व विद्यार्थियों, उद्योग विशेषज्ञों एवं उद्यमियों को एक साझा मंच पर जोड़ना है।
कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित होगा। सुबह 8:30 बजे से तकनीकी एवं सेमिनार सत्र द ऑडिटोरियम @ आरसीए, उदयपुर में होंगे। वहीं दोपहर 3 बजे से अपराह्न एवं सायंकालीन कार्यक्रम सीडीएफटी परिसर, एमपीयूएटी में आयोजित किए जाएंगे।
प्रातःकालीन सत्र में स्वागत, पंजीकरण एवं अल्पाहार के साथ नेटवर्किंग की शुरुआत होगी। इसके बाद सीडीएफटी एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. करुण चांडालिया स्वागत उद्बोधन देंगे। सीडीएफटी के अधिष्ठाता डॉ. सिद्धार्थ मिश्रा संबोधित करेंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में खाद्य एवं डेयरी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों और संस्थानों का सहयोग मिल रहा है।
यह आयोजन खाद्य प्रसंस्करण एवं डेयरी उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और विद्यार्थियों के लिए विचार-विमर्श, अनुभव साझा करने तथा भविष्य की नई संभावनाओं को तलाशने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
