जयपुर में सरकारी अधिकारी पर जानलेवा हमला, 10 दिन बाद भी हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर

जयपुर। शहर के नारायण विहार इलाके में एक सरकारी अधिकारी पर कथित जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के करीब 10 दिन बाद भी पुलिस हमलावरों का पता नहीं लगा सकी है। पीड़ित ने मामले में मुख्य सचिव और डीजीपी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, नारायण सागर कॉलोनी निवासी डॉ. मदन यादव, जो सरकारी विभाग में अधिकारी हैं, 18 सितंबर की रात अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान उन्हें कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। उनके पास दो बाइक खड़ी थीं और हाथों में लाठी-सरिए बताए जा रहे हैं।

पीड़ित के मुताबिक, वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी और सरिए से उनके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान बदमाशों ने कथित तौर पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।

हमले के दौरान डॉ. यादव ने सिर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें गंभीर चोट लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दो बाइक पर आए करीब छह नकाबपोश आरोपी मौके से फरार हो गए।

सिर में आए 24 टांके

हमले में डॉ. यादव के सिर पर गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान 24 टांके लगाए गए। इलाज के बाद उन्होंने नारायण विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पीड़ित का आरोप है कि घटना को 10 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। इसी को लेकर उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी को लिखित शिकायत भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, रिपोर्ट के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर पीड़ित को सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Spread the love