क्रॉस फायरिंग में शामिल 3 आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा फटने से घायल हुआ था युवक

फायरिंग का मामला निकला आपसी रंजिश का, शिकायतकर्ता समेत तीन आरोपी गिरफ्तार; कोर्ट में कान पकड़कर मांगी माफी

भीलवाड़ा। शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के सांगानेर स्थित कीरों का खेड़ा इलाके में 11 सितंबर को हुई संदिग्ध फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश से जुड़ा था और दोनों ओर से क्रॉस फायरिंग हुई थी। मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता लखन कीर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई के अनुसार, 11 सितंबर को सांगानेर कस्बे में फायरिंग की सूचना मिली थी। घटना में 20 वर्षीय युवक रतन कीर के छर्रा लगने से घायल होने की बात सामने आई थी। मामले में लखन की ओर से सत्तू माली, इशू हरिजन, राधेश्याम जाट, शुभम तेली, युगल सिंह, देवराज, सुनील, अंकित, विनय प्रताप सहित अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

फायरिंग के दौरान लखन के हाथ में भी चोट लगी थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह वहां से चला गया। शुरुआती घटनाक्रम संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।

जांच में सामने आया क्रॉस फायरिंग का मामला

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश थी। 11 सितंबर को कीरखेड़ा गांव में दोनों पक्ष आमने-सामने आए और उनके बीच क्रॉस फायरिंग हुई।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान लखन ने देशी कट्टे से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन कट्टा उसके हाथ में ही फट गया। इससे उसके हाथ में चोट आई। पुलिस ने इसे सेल्फ इंजरी बताया है। यानी जिस फायरिंग को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जांच में शिकायतकर्ता के खुद हथियार चलाने और उसी दौरान घायल होने की बात सामने आई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन के रिमांड पर

घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्रॉस फायरिंग में शामिल शिकायतकर्ता लखन कीर के साथ सोहन कीर और गोपाल कीर को गिरफ्तार किया।

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल किए गए देशी कट्टे की बरामदगी के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

वहीं, आरोपियों के कोर्ट परिसर में पेश होने के दौरान कान पकड़कर माफी मांगने का मामला भी सामने आया। पुलिस अब दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश, फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और घटना के दौरान मौजूद अन्य लोगों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।

Spread the love