जयपुर में दिनदहाड़े 42 लाख रुपए की लूट से हड़कंप मच गया। रामनगरिया थाना क्षेत्र में अक्षयपात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम बूथ पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर बैंककर्मियों से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बैंक के तीन कर्मचारी सुबह करीब 10:42 बजे एटीएम में लगी डिपॉजिट मशीन से रुपए निकालने पहुंचे थे। 42 लाख रुपए बैग में भरकर जैसे ही कर्मचारी बाहर निकलने लगे, कुछ दूरी पर हेलमेट पहनकर खड़े दो बदमाश बाइक से तेजी से उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर कर्मचारियों को धमकाया और धक्का-मुक्की करते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया।

वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही रामनगरिया थाना पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस अब एटीएम बूथ और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात से पहले बैंककर्मियों की रेकी की थी और उन्हें इस बात की जानकारी थी कि कर्मचारी बड़ी रकम लेकर एटीएम से निकलने वाले हैं। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार जांच कर रही है।
