भीलवाड़ा। नगर निगम चुनाव में मतदान खत्म होते ही भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। बुधवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद भाजपा के सभी 70 प्रत्याशियों को पार्टी कार्यालय बुलाया गया। सूचना मिलते ही प्रत्याशी अपने-अपने बैग लेकर कार्यालय पहुंचे।
महिला प्रत्याशियों के साथ उनके पति और परिवार के सदस्य भी पार्टी कार्यालय पहुंचे। देर रात तीन बसों के जरिए सभी प्रत्याशियों को जयपुर या किसी अन्य स्थान पर ले जाने की सूचना सामने आई। इसके बाद प्रत्याशियों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताए गए।
भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल भी देर रात पार्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि सभी प्रत्याशियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही दिनभर के चुनावी घटनाक्रम और मौजूदा हालात को लेकर प्रत्याशियों से वन-टू-वन बातचीत की जाएगी। इसके बाद सभी के जयपुर रवाना होने की बात कही गई।

वहीं कांग्रेस के 53 अधिकृत प्रत्याशियों के बीच फिलहाल ऐसी कोई हलचल नहीं दिखाई दी। कांग्रेस कार्यालय में भी माहौल शांत रहा और प्रत्याशियों को पार्टी की ओर से किसी तरह का फोन आने की जानकारी सामने नहीं आई।
नगर निगम चुनाव में 154 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। इनमें कई प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को सीधी टक्कर दे रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी निर्दलीय प्रत्याशी ने राजनीतिक दल की ओर से बाड़ेबंदी के लिए बुलाए जाने की पुष्टि नहीं की है।
