भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, D-Mart में 50 किलो फंगस लगे काजू-पिस्ता नष्ट

भीलवाड़ा। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की तीन टीमों ने एक साथ शहर के प्रमुख मॉल, सुपरमार्केट, केक फैक्ट्री और ढाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह खराब खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया, जबकि कुछ खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

सबसे बड़ी कार्रवाई शहर के D-Mart में सामने आई। यहां खाद्य सुरक्षा टीम को जांच के दौरान करीब 50 किलो खराब और फंगस लगी काजू-पिस्ता की सामग्री मिली। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। अधिकारियों का कहना है कि खराब खाद्य सामग्री को किसी भी स्थिति में ग्राहकों को बेचे जाने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई।

इसके अलावा अजमेर रोड स्थित केक एन फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया गया। यहां करीब 8 किलो खराब बेकरी प्रोडक्ट पाए गए। टीम ने इन सभी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

वहीं माण्डल चौराहा स्थित यूनिक ढाबे पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पहुंची। जांच के दौरान अंडे सहित अन्य खाद्य सामग्री खराब मिली। यहां करीब 10 किलो खराब खाद्य प्रोडक्ट नष्ट करवाए गए।

रिलायंस और सिटी सेंटर मॉल में भी जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने रिलायंस मॉल और सिटी सेंटर मॉल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग, रख-रखाव, एक्सपायरी डेट और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

तेल, घी और धनिया पाउडर के सैंपल लिए

अभियान के दौरान विभाग की टीमों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए। नेहरू रोड स्थित ब्लीकंट ई-कॉमर्स से कच्ची घाणी सरसों तेल का सैंपल लिया गया। वहीं शास्त्रीनगर स्थित द ओमजी सुपरमार्ट से घी और धनिया पाउडर के नमूने लिए गए।

सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला अजमेर भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधारात्मक नोटिस भी जारी किए गए हैं।

खाद्य कारोबारियों में हड़कंप

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी प्रतिष्ठान पर खराब, मिलावटी या खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत सामग्री पाई जाती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की ओर से साफ किया गया है कि शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Spread the love