निगम चुनाव के बीच भाई-बहन की तस्वीर वायरल, गले में अलग-अलग दलों के दुपट्टे… दिल में वही रिश्ता

उदयपुर: नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी अपने-अपने तरीके से मतदाताओं को साधने में जुटे हैं। कहीं आरोप-प्रत्यारोप हैं तो कहीं चुनावी वादों और दावों की गूंज सुनाई दे रही है। इसी बीच सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर ने चुनावी माहौल में रिश्तों की एक अलग ही कहानी बयां कर दी है।

तस्वीर में एक तरफ भाजपा के दुपट्टे में नेमीचंद आचार्य नजर आ रहे हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के दुपट्टे में उनकी चचेरी बहन सीमा आचार्य मुस्कुराती दिखाई दे रही हैं। दोनों अलग-अलग राजनीतिक दलों के साथ चुनावी मैदान में हैं, लेकिन तस्वीर में उनके बीच राजनीतिक दूरी नहीं, बल्कि पारिवारिक अपनापन नजर आ रहा है।

दरअसल, दोनों का आमना-सामना एक स्थानीय न्यूज चैनल की ओर से आयोजित चुनावी डिबेट में हुआ। डिबेट के दौरान दोनों ने अपनी-अपनी पार्टी और विचारधारा का मजबूती से पक्ष रखा। राजनीतिक मुद्दों पर दोनों के विचार अलग थे, तेवर भी चुनावी थे।

लेकिन डिबेट खत्म होते ही माहौल बदल गया। राजनीतिक बहस वहीं छूट गई और सामने आ गया भाई-बहन का रिश्ता। दोनों ने अपने-अपने दल का दुपट्टा गले में पहने एक साथ तस्वीर खिंचवाई और कैमरे के सामने मुस्कुरा दिए।

यही तस्वीर अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। तस्वीर मानो एक सीधा संदेश दे रही है—चुनाव आएंगे और चले जाएंगे, राजनीतिक विचार बदल सकते हैं, लेकिन परिवार के रिश्ते दिलों में बने रहते हैं। उदयपुर के चुनावी शोर के बीच भाई-बहन की यह तस्वीर सियासत से ऊपर रिश्तों की खूबसूरती दिखा रही है।

Spread the love