
दौसा । शादी के नाम ठगी और साजिश केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एक बार फिर राजस्थान के दौसा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का खुलासा हुआ है। बसवा थाना इलाके के बनापुरा गांव निवासी अनिल कुमार ने आरोप लगाया है कि उसे विवाह का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये ठग लिए गए। अनिल कुमार के अनुसार उनकी कथित दुल्हन घर से आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गई।
3.50 लाख रुपये देने का सौदा
पीड़ित के अनुसार कुछ बिचौलियों ने उसकी शादी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र की रहने वाली युवती से तय कराई। शादी के एवज में 3.50 लाख रुपये देने का सौदा हुआ। 10 दिसंबर 2025 को स्टाम्प पेपर पर एक एग्रीमेंट तैयार किया गया और पारंपरिक रस्मों के साथ विवाह करा दिया गया। अनिल को भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही कोर्ट मैरिज भी करवा दी जाएगी।
परिवार का आरोप है कि शादी के लगभग 20 दिन बाद, 30 दिसंबर की सुबह दुल्हन ने बर्तन साफ करने के बहाने घर से बाहर जाने की बात कही, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। जब घरवालों ने जांच की तो पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद गायब हैं। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
अनिल ने पहले बसवा थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर बांदीकुई न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने दुल्हन सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार- महिला लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी
पुलिस के अनुसार न्यायालय के निर्देश पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला लिव-इन रिलेशनशिप के रूप में रह रही थी। परिवादी द्वारा 20 हजार रुपये के लेनदेन से जुड़े कुछ दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
