उदयपुर में नया रिकॉर्ड, जनवरी में 2.44 लाख टूरिस्ट आए:शोर और ट्रैफिक जाम ने बढ़ाई विदेशी मेहमानों की चिंता

पर्यटन सिटी उदयपुर में देसी-विदेशी टूरिस्ट का आवगमन लगातार बना हुआ है। साल 2026 की शुरुआत शहर के लिए पर्यटन के लिहाज से काफी सुखद रही है। पर्यटन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले महीने जनवरी में ही उदयपुर में 2 लाख 44 हजार 558 टूरिस्ट घूमने पहुंचे। इसमें 2 लाख 25 हजार से ज्यादा घरेलू (देसी) टूरिस्ट थे, जबकि 19 हजार 558 विदेशी मेहमानों ने यहां की झीलों और महलों की खूबसूरती को निहारा।

हालांकि पिछले साल जनवरी 2025 के मुकाबले इस साल के आंकड़ों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में उदयपुर ने अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखी है।अगर पिछले 9 सालों के आंकड़ों पर गौर करें, तो उदयपुर में पर्यटन की रफ्तार चौंकाने वाली रही है। साल 2018 के जनवरी महीने में जहां कुल 1 लाख 5 हजार के करीब पर्यटक आए थे, वहीं 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर करीब ढाई लाख तक पहुंच गया है। यानी पिछले 9 सालों में सैलानियों की संख्या में दोगुनी से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।साल 2025 उदयपुर के लिए अब तक का सबसे बड़ा ‘रिकॉर्ड ईयर’ साबित हुआ था, जिसमें पूरे साल में करीब 19.96 लाख घरेलू और 16 हजार से ज्यादा विदेशी पर्यटक उदयपुर आए थे। इसी ट्रेंड को देखते हुए साल 2026 की शुरुआत को भी पर्यटन विभाग काफी अच्छा मान रहा है।

पर्यटन विभाग की उप-निदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि आंकड़े गवाह हैं कि उदयपुर की सैर पर्यटकों के लिए कितनी अहम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कई नई योजनाओं पर काम कर रही है।

विदेशी मेहमानों द्वारा उठाई गई शोर और ट्रैफिक की समस्या पर शिखा सक्सेना ने स्पष्ट किया कि आंकड़ों में बढ़ोतरी के साथ-साथ सैलानियों के फीडबैक पर काम करना भी विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए, तो उदयपुर का पर्यटन अनुभव दुनिया के किसी भी शहर से बेहतर हो सकता है।

होली पर चमकेगा कारोबार पर्यटन के इस बढ़ते ग्राफ पर होटल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि यह सीजन आगे और भी बेहतर रहने वाला है। उन्होंने कहा कि अभी जो माहौल है, उसे देखते हुए होली के त्योहार पर पर्यटकों की संख्या में एक बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।

अग्रवाल ने बताया कि विदेशी पर्यटकों के लिहाज से उदयपुर हमेशा से एक ग्लोबल प्वाइंट रहा है और इस साल भी उनकी आवक काफी उत्साहजनक बनी हुई है। बेहतर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से उदयपुर का पर्यटन क्षेत्र लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है।

Spread the love