यह यात्रा राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक – मंत्री जोगाराम कुमावत

सिंधु दर्शन यात्रा के सफल आयोजन पर हिमालय परिवार ने किया सम्मान समारोह

पल पल राजस्थान/ महावीर व्यास

उदयपुर। हिमालय परिवार द्वारा आयोजित सिंधु दर्शन यात्रा के 29वें सफल आयोजन के उपलक्ष्य में रविवार को घूमर गार्डन, सेक्टर-5 हिरण मगरी में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के देवस्थान, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोगाराम कुमावत रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। हिमालय परिवार के प्रदेश महामंत्री एवं पार्षद अरविंद जारौली ने अतिथियों का स्वागत करते हुए यात्रा की पृष्ठभूमि और विकास यात्रा का संक्षिप्त वर्णन किया। उन्होंने राज्य सरकार से यात्रा के लिए आर्थिक सहयोग बढ़ाने की मांग भी रखी।

मंत्री जोगाराम कुमावत ने अपने उद्बोधन में सिंधु दर्शन यात्रा को राष्ट्रहित की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लेह-लद्दाख में किए गए विकास कार्यों ने इस यात्रा को और भी गौरवशाली बना दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यात्रा सुविधा में हुए सुधारों की जानकारी देते हुए कहा कि वातानुकूलित रेल सुविधा अब यात्रियों को उपलब्ध करवाई जा रही है।

मंत्री ने यात्रा में सहभागी सभी तीर्थयात्रियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और भविष्य में यात्रा सहायता राशि बढ़ाने का आश्वासन भी दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और विधायक ताराचंद जैन ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधु दर्शन यात्रा को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम का संचालन हिमालय परिवार के प्रांत संगठन मंत्री डॉ. सुशील निंबार्क ने किया। अंत में जिला अध्यक्ष अशोक सारस्वत ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक स्नेह भोज का आयोजन हुआ।इस अवसर पर राणा प्रताप मंडल अध्यक्ष कन्हैया वैष्णव, अशोक आमेटा, भारत जोशी, अशीष कोठारी सहित कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love